बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर 25 अगस्त 2026- एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भैरमगढ़ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा ( NEET ) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। विद्यालय के 3 विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का संचालन आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया जाता है। विभाग द्वारा जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, उनकी प्रतिभा को निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सफल विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से विद्यालय, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं आदिम जाति विकास विभाग में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। इससे यह साबित होता है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत के बल पर वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता हासिल कर सकते हैं।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय भैरमगढ़ ने सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिले में जनजातीय शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की यह उपलब्धि एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखी जा रही है और निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।







