बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पास हिंदू-मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान कथित रूप से पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। विवाद को शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे तारबाहर थाना प्रभारी रवि शंकर के सिर में पत्थर लगने से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान बीच-बचाव करते समय थाना प्रभारी रवि शंकर के सिर में पत्थर लग गया।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और घायल थाना प्रभारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना के वास्तविक कारण, पत्थरबाजी में शामिल लोगों तथा थाना प्रभारी की चोट की स्थिति को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। विवाद के बाद क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
संवाददाता — योगेन्द्र राठौर






