सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल
अंबिकापुर।
स्थानीय राजमोहिनी भवन में भारतीय जनता पार्टी, सरगुजा द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला कार्यशाला एवं वृहद जिला कार्यसमिति बैठक का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर वंदेमातरम् गीत के साथ की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश सिंह चंदेल, जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा, जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव तथा कार्यक्रम के जिला समन्वयक व विधायक रामकुमार टोप्पो विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक प्रबोध मिंज, जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, पूर्व सांसद कमलभान सिंह, अनिल सिंह मेजर, ललन प्रताप सिंह, रामकिशुन सिंह, अंबिकेश केशरी, फुलेश्वरी सिंह, हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का संबोधन
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसे महान व्यक्ति हैं, जिन्हें पूरे विश्व में सम्मान मिलता है। उन्होंने देशहित में न कभी थकान महसूस की और न कभी एक दिन की छुट्टी ली।
उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के सम्मान में उनके जन्मदिन 17 सितंबर से एक माह तक संगठन ने ‘सेवा अभियान’ का संकल्प लिया है। मंत्री जायसवाल ने कहा कि पीएम मोदी के अभूतपूर्व नेतृत्व के कारण आज भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार में है। उन्होंने पूर्व की कांग्रेस सरकार और भाजपा सरकार की तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल काम करना बताकर जनता को गुमराह किया और देश को लूटने का काम किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद षड्यंत्रपूर्वक कांग्रेस ने ज्यादातर एक धर्म विशेष के लोगों को शिक्षा मंत्री बनाया, जिन्होंने भारत के इतिहास का असली स्वरूप बदलने का काम किया और अकबर जैसे विदेशी आक्रांताओं को महान बना दिया।

मंत्री जायसवाल ने कहा कि आज देश के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ पहाड़ों, कंदराओं में रहने वाले कोरवा, पंडो, बैगाओं जैसे अति पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का काम किया गया है और यह सभी योजनाएं मोदी सरकार की देन हैं।
उन्होंने कोरोना काल में पीएम मोदी की दूरदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी नीतियों ने देश को महामारी से बचाया और वैक्सीन बनाकर विदेशों में भी अनगिनत लोगों की जान बचाने में योगदान दिया।
मंत्री राजेश अग्रवाल का संबोधन
मंत्री राजेश अग्रवाल ने बैठक में देश के सर्वांगीण विकास और मोदी सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक व्यक्ति मोदी सरकार की योजनाओं का लाभार्थी है, इसलिए हर घर में दीया जलाकर पीएम मोदी के यश और कीर्ति के लिए प्रार्थना करनी चाहिए।
श्री अग्रवाल ने कहा कि पीएम मोदी ने हर घर शौचालय देकर समाज का मान-सम्मान बढ़ाया है, जिसके कारण आम जन के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव आया है।
उन्होंने सरगुजा जिले में भाजपा सरकार द्वारा सैकड़ों सड़कें बनवाने का जिक्र करते हुए कहा कि आज गांव-गांव प्रधानमंत्री सड़क एवं अन्य मदों की सड़कें बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शहर के दो-चार जगहों पर बरसात के कारण उखड़ी सड़कों को लेकर कांग्रेस द्वारा दुष्प्रचार करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि बरसात खत्म होते ही सभी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी का संबोधन
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर और देश के विकास को लेकर पीएम मोदी के स्वर्णिम काल को सदा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हर घर शौचालय, जनधन योजना, उज्ज्वला गैस योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे अनेक कारणों से प्रधानमंत्री को आभार व्यक्त करने का अवसर है और उनका जन्मदिन मनाना है। विष्णुदेव सरकार और मोदी सरकार की योजनाओं के कारण जनता के जीवन में आए बदलाव को सभी माध्यमों से जनता तक पहुंचाना है।
श्री सोनी ने कहा कि भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने के प्रयास में कांग्रेस द्वारा बहुत सारे नैरेटिव सेट किए जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को यह समझना होगा कि जनता उनके चाल-चरित्र को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि सरगुजा में हजारों करोड़ का सड़क भाजपा सरकार बना चुकी है और आगे भी सभी खराब सड़कें बनाई जाएंगी।
इस अवसर पर अनुराग सिंह देव ने 2014 से पहले कांग्रेस सरकार कालीन सड़कों की बदहाली, भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार में बने अनगिनत सड़कों पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश निर्माण में भाजपा कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की।
संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल एवं जिला प्रभारी कृष्णकांत चंद्रा ने संगठनात्मक कार्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि कार्यक्रमों को अच्छे से क्रियान्वित करना सभी दायित्वधारियों की जिम्मेदारी है।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त हो गया है, भारतीय सेना का हौसला बुलंद है और यह सब मोदी के सफल नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने आगामी सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई तथा कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की।

भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि सेवा संकल्प अभियान संगठन के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाएं तथा अभियान के सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा, ऊर्जा और समर्पण के साथ सफल बनाएं।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह ने किया तथा आभार वैभव सिंह देव ने व्यक्त किया।







