-निःशुल्क गैस सिलेंडर और चूल्हा पाकर महिलाओं के चेहरे खिले, धुएं से मिलेगी राहत
बड़गांव। तीजा-पोला पर्व से पहले ग्राम बड़गांव में प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना के तहत 20 से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं चूल्हा वितरित किया गया। योजना का लाभ मिलने से महिलाओं में खुशी की लहर है। हितग्राही महिलाओं ने कहा कि अब उन्हें पारंपरिक ईंधन से निकलने वाले धुएं से राहत मिलेगी और घर में स्वच्छ ईंधन का उपयोग किया जा सकेगा।
गैस कनेक्शन एवं चूल्हा मिलने पर महिलाओं ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रसोई में धुएं की समस्या से छुटकारा मिलने के साथ खाना बनाने में भी सुविधा होगी। त्योहारी सीजन से पहले मिले इस लाभ को महिलाओं ने अपने परिवार के लिए उपयोगी बताया।

इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष एवं ग्राम बड़गांव के युवा पंच आयुष्मान शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने हितग्राही महिलाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की बात कही।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन मिलने से ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक चूल्हे के धुएं से राहत मिलने के साथ स्वच्छ ईंधन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। योजना का लाभ मिलने पर महिलाओं ने खुशी व्यक्त करते हुए इसके लिए आभार जताया।







