आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। पीएम श्री अरुंधति देवी विद्यालय आरंग में उल्लास नवभारत साक्षरता पखवाड़े के तहत एक प्रेरक नवाचारी गतिविधि का आयोजन किया गया। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक ‘उल्लास’ मानव श्रृंखला बनाकर क्षेत्रवासियों को शत-प्रतिशत साक्षरता के प्रति जागरूक किया। बच्चों के इस अनूठे प्रयास ने पूरे क्षेत्र का ध्यान आकर्षित किया और शिक्षा के महत्व का सशक्त संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम के दौरान एसएमडीसी अध्यक्ष खिलेश धुरंधर एवं संस्था की प्राचार्य संध्या रानी बारीक ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि साक्षरता ही किसी भी समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास का मूल मंत्र है, जिसके बिना प्रगति अधूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक लोकेश्वर साहू, मनोज शर्मा, आकाश विश्वास, युवराज मिश्रा, कमलेश साहू सहित समस्त स्टाफ और शाला विकास समिति के सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस साक्षरता अभियान को सफल बनाया।







