51 सदस्यीय समिति गठित, बढ़ई कारीगर घूर सिंह कंवर बने अध्यक्ष; भजन-कीर्तन और भव्य विसर्जन की तैयारी
पोंडी उपरोड़ा। पोंडी उपरोड़ा के हनुमान चबूतरा बस्ती में बाबा विश्वकर्मा जी की स्थापना एवं पूजन को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजमिस्त्री समूह, ड्राइवर बंधु, बढ़ई कारीगर, लक्ष्मी टेंट एवं डीजे साउंड सहित पूजन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।
बैठक में आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए 51 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से बढ़ई कारीगर श्री घूर सिंह कंवर को समिति का अध्यक्ष एवं नेतृत्वकर्ता चुना गया। बाबा विश्वकर्मा जी का पूजन राजपुरोहित आचार्य श्री नीरज दुबे के सानिध्य में संपन्न कराया जाएगा।
पूजन कार्यक्रम में सियाराम यादव, लक्ष्मी नारायण सिंह कंवर, घूर सिंह कंवर, जनक विश्वकर्मा, दर्शन दास, सुमित कंवर एवं धरमपाल सिंह कंवर सहपत्नी यजमान के रूप में शामिल होंगे।
भोग-प्रसाद के साथ होगा भजन-कीर्तन
बाबा विश्वकर्मा जी की स्थापना एवं पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए खीर, पूरी और हलवा का भोग-प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं रात्रिकालीन भजन-कीर्तन का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में बाबा विश्वकर्मा की आराधना करेंगे।
डीजे की भक्तिमय धुनों के साथ होगा मूर्ति विसर्जन
अगली सुबह बाबा विश्वकर्मा जी की मूर्ति का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान डीजे साउंड की भक्तिमय धुनों के साथ मूर्ति को ग्राम भ्रमण कराया जाएगा, जिसके बाद नदी अथवा तालाब में विधिवत विसर्जन किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष घूर सिंह कंवर ने बताया कि बाबा विश्वकर्मा पूजन का यह आयोजन तीसरे वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। इस वर्ष भी आयोजन को बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाने की तैयारी की गई है। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक जिम्मेदारियां भी तय कीं।







