Home कोरबा प्याज के बाद सब्जियों के बढ़े दाम, कुसमुंडा में बिगड़ा घर का...

प्याज के बाद सब्जियों के बढ़े दाम, कुसमुंडा में बिगड़ा घर का बजट

8
0

खुदरा बाजार में प्याज 60 रुपये किलो तक पहुंचा, बारिश और कम आवक से सब्जियों के दाम में उछाल

कुसमुंडा। चीनी के बाद अब प्याज और हरी सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के घर का बजट बिगाड़ दिया है। कुसमुंडा क्षेत्र के खुदरा बाजार में प्याज के दाम बढ़कर 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। वहीं थोक मंडी में अच्छी गुणवत्ता का प्याज 40 से 45 रुपये किलो बिक रहा है। कारोबारियों के अनुसार बारिश के कारण आवक प्रभावित होने और नई फसल आने में देरी के चलते प्याज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।

20 दिनों में कई सब्जियों के दाम लगभग दोगुने

प्याज के साथ खाद्य तेल और हरी सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने भी घरेलू खर्च बढ़ा दिया है। लोगों का कहना है कि 200 रुपये की सब्जी खरीदने के बाद भी थैला पूरा नहीं भरता। पिछले करीब 20 दिनों में कई सब्जियों के दाम लगभग दोगुने हो गए हैं। दो महीने पहले जिन सब्जियों की कीमत करीब 20 रुपये किलो थी, अब वे 40 से 60 रुपये किलो तक पहुंच गई हैं।

बारिश और बाढ़ से फसल प्रभावित, मंडी में कम हुई आवक

सब्जी कारोबारियों के मुताबिक लगातार बारिश और बाढ़ के कारण कई क्षेत्रों में सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर मंडियों में होने वाली आवक पर पड़ा है। पर्याप्त मात्रा में सब्जियां नहीं पहुंचने के कारण थोक बाजार में ही कीमतें बढ़ रही हैं, जिसका असर खुदरा बाजार में साफ दिखाई दे रहा है।

महंगी सब्जियों ने ग्राहकों की खरीदारी घटाई

सब्जियों के बढ़े दाम का असर ग्राहकों की खरीदारी पर भी नजर आ रहा है। महंगी सब्जियां देखकर लोग जरूरत के हिसाब से ही खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि आवक में सुधार होने और नई फसल बाजार में आने के बाद ही कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है।

कुसमुंडा बाजार में सब्जियों के मौजूदा भाव

सब्जीकीमत (रुपये प्रति किलो)
फूलगोभी80
पत्तागोभी40
बैंगन40
टमाटर30
शिमला मिर्च60
तोरई50
लौकी30

संवाददाता – गुरदीप सिंह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here