परिवार की जिम्मेदारियों के साथ सपनों को दी नई उड़ान, मां, पत्नी, शिक्षिका और उद्यमी की भूमिका निभाते हुए हासिल की शानदार उपलब्धि
दुर्ग/रायपुर। दुर्ग की बेटी और रायपुर की बहू दीपाक्षा जैन ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और प्रतिभा के दम पर एक नई उपलब्धि हासिल की है। VMS Presents Miss & Mrs India Universe – Season 7 में उन्होंने ‘Mrs India Universe Asia 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया।
दो साल के नन्हे बच्चे की मां होने के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए दीपाक्षा ने अपने सपनों को कभी पीछे नहीं छोड़ा। मां, पत्नी, शिक्षिका और उद्यमी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने अपने जुनून को कायम रखा और आखिरकार अपने सपने को मुकाम तक पहुंचाया।
तीन प्रमुख राउंड में दिखाया प्रतिभा और आत्मविश्वास
VMS Season 7 के विभिन्न राउंड में दीपाक्षा ने अपने व्यक्तित्व और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। Talent Round में उन्होंने मां, बच्चे और परिवार के खूबसूरत रिश्ते को नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया।
वहीं Creativity Round में विशेष रूप से तैयार की गई प्रस्तुति और ड्रेस के जरिए उन्होंने एक बेटी से पत्नी, पत्नी से मां और फिर अपने सपनों के लिए संघर्ष करने वाली महिला तक के सफर को दर्शाया। इस प्रस्तुति में उनके जीवन, परिवार, बच्चों और शिक्षा के प्रति उनके जुनून की झलक देखने को मिली।
Question-Answer Round में भी दीपाक्षा ने आत्मविश्वास, स्पष्ट सोच और प्रभावशाली जवाबों से निर्णायकों को प्रभावित किया। इसके अलावा उनकी graceful walk, personality, dressing sense और overall confidence ने भी उनकी दावेदारी को मजबूत बनाया।
जैनम एकेडमी के जरिए जरूरतमंद बच्चों को दे रहीं निःशुल्क शिक्षा
दीपाक्षा जैन जैनम एकेडमी की Founder हैं। वे बच्चों को शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य की दिशा देने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। बच्चों के बीच रहकर उन्हें पढ़ाना और उनकी प्रतिभा को निखारना उनके जीवन का अहम हिस्सा है।
जैनम एकेडमी के माध्यम से दीपाक्षा 50 से अधिक जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान कर रही हैं। उनका मानना है कि किसी बच्चे की परिस्थितियां उसके सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए।
बच्चों को पढ़ाने, उनका भविष्य संवारने और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों के लिए समय निकालने की उनकी जिद और जुनून ही उनकी इस सफलता की सबसे बड़ी कहानी है।
परिवार का मिला पूरा सहयोग
दीपाक्षा की इस सफलता में उनके पति अतुल जैन, मां माया, नन्हे बेटे और पूरे परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया और सपनों को पूरा करने के लिए उन्हें लगातार प्रोत्साहित किया।
खिताब जीतने के बाद घर लौटने पर दीपाक्षा का बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उनके नन्हे बेटे द्वारा अपनी मां का स्वागत किए जाने का भावुक पल भी देखने को मिला।
दीपाक्षा ने अपनी उपलब्धि के लिए VMS, कविता मैम और जितेंद्र सर का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मंच ने उन्हें अपनी कहानी, प्रतिभा और सपनों को दुनिया के सामने रखने का अवसर दिया।
जिम्मेदारियों के बीच सपनों को जीने वाली महिला की जीत
दुर्ग की बेटी, रायपुर की बहू, जैनम एकेडमी की Founder और दो साल के बच्चे की मां दीपाक्षा जैन की यह उपलब्धि केवल एक ताज की जीत नहीं, बल्कि उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है जो परिवार और जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को कहीं पीछे छोड़ देती हैं।
दीपाक्षा ने साबित किया कि यदि जुनून और मेहनत हो तो जिम्मेदारियां सपनों की राह में दीवार नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की प्रेरणा बन सकती हैं। ‘Mrs India Universe Asia 2026’ का ताज उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और संघर्ष की पहचान बन गया है।







