महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा के नेतृत्व में अभियान; जनता बोली—मनमाने बिलों से टूटा आम आदमी का बजट
कोमाखान। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोमाखान के तत्वावधान में ग्राम बकमा बूथ में स्मार्ट मीटर लगाने की अनिवार्यता और बेतहाशा बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने घर-घर और चौपालों में पहुंचकर उपभोक्ताओं से संवाद किया तथा शासन की नीतियों के विरोध में फॉर्म भरवाए।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष खेमराज सिन्हा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार आम जनता, किसानों और मध्यम वर्ग पर महंगाई का दोहरा बोझ डाल रही है। बिजली बिल हाफ जैसी जनहितैषी योजनाओं को दरकिनार कर अब मनमाने बिल थमाए जा रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं, चर्चा के दौरान ब्लॉक महामंत्री वसीम रज़ा ने भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज गांव-गांव में बिजली के भारी-भरकम बिलों और स्मार्ट मीटर की आड़ में हो रही कथित लूट से जनता त्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ जबरदस्त असंतोष है। स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं की जेब पर डाका डाला जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल बढ़े हुए बिल वापस नहीं लिए और स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक नहीं लगाई, तो कांग्रेस पार्टी जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन और चक्काजाम करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने हाथों में विरोध फॉर्म थामकर शासन की व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
प्रमुख रूप से रहे उपस्थित:
इस विरोध प्रदर्शन में अंजोर सिंग ठाकुर (अध्यक्ष, किसान कांग्रेस), हेमलाल साहू (सेक्टर अध्यक्ष), कवल साहू, देवा नायक, उस्मान मेमन, लंबोदर नायक, जावेद खान, दोष कुमार, गैंद पटेल, किशन लाल, पुरुषोत्तम, विनोद, गीतेश, भार, सेवक राम, पिरन बेगम, केसरी बाई, हीरा बाई एवं सोनबती सहित भारी संख्या में ग्रामीण व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







