-सेवा संकल्प अभियान के तहत भैरमगढ़ में राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज हेतु स्टार्टअप शिविर आयोजित
बीजापुर, 21 सितम्बर 2026। विद्यार्थियों में नवाचार, उद्यमिता एवं स्टार्टअप की सोच विकसित करने और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर आधारित नए विचारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बीजापुर द्वारा धुरवाराव माड़िया शासकीय महाविद्यालय, भैरमगढ़ एवं शासकीय आईटीआई, भैरमगढ़ के सहयोग से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज हेतु स्टार्टअप शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में महाविद्यालय एवं आईटीआई के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में सहभागिता, स्टार्टअप आइडिया तैयार करने तथा नवीन विचारों को प्रोटोटाइप के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नवाचार के माध्यम से स्थानीय स्तर की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार, उद्यमिता और नवाचार की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही अपने आसपास की आवश्यकताओं एवं समस्याओं को पहचानकर उनके समाधान के लिए नए और उपयोगी आइडिया विकसित करने पर जोर दिया गया।
शिविर में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने बताया कि विद्यार्थियों के नए विचारों को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने से वे भविष्य में रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन करने वाले उद्यमी भी बन सकते हैं।
यह शिविर जिले के युवाओं में नवाचार, रचनात्मक सोच और उद्यमिता की संस्कृति विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।







