Home बिलासपुर बिलासपुर में फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया बांग्लादेशी नागरिक, 19 साल...

बिलासपुर में फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया बांग्लादेशी नागरिक, 19 साल से रह रहा था भारत में; STF की बड़ी कार्रवाई

6
0

रेशमा लहरे/बिलासपुर। विशेष टास्क फोर्स (STF) और जिला विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने सरकंडा क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 19 वर्षों से अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी एनटीपीसी (NTPC) सीपत में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम कर रहा था और उसने फर्जी पहचान पत्र भी बनवा लिए थे।

होल्डिंग सेंटर से भाग निकला था आरोपी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लगभग 20 दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से पूछताछ के बाद आरोपी को रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया था। हालांकि, वह वहां से चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद से ही STF और पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

तड़के 5 बजे सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश

पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति सरकंडा की सूर्या विहार कॉलोनी में एक किराए के मकान में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद, 24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे टीम ने अचानक दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अतीक हुसैन (42 वर्ष), पिता स्व. मोहम्मद हुसैन बताया। उसने स्वीकार किया कि वह मूल रूप से बांग्लादेश के नारायणगंज जिले का रहने वाला है और वर्ष 2005 में अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत में दाखिल हुआ था।

भारतीय पासपोर्ट सहित कई जाली दस्तावेज बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से कई महत्वपूर्ण भारतीय दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • भारतीय पासपोर्ट
  • आधार कार्ड
  • पैन कार्ड
  • वोटर आईडी (मतदाता पहचान पत्र)
  • ड्राइविंग लाइसेंस
  • निवास एवं जाति प्रमाण पत्र

पूछताछ में अतीक ने स्वीकार किया कि उसने ये सभी दस्तावेज धोखाधड़ी और गलत तरीकों से बनवाए थे।
डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू पुलिस अब आरोपी को बांग्लादेश वापस भेजने (डिपोर्टेशन) की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। जब तक डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक उसे वापस रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा जा रहा है। मामले की जानकारी बांग्लादेश दूतावास को भी भेजी जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी रजनेश सिंह के मार्गदर्शन और STF नोडल अधिकारी एएसपी रशमीत कौर चावला के नेतृत्व में की गई। इस टीम में निरीक्षक संजय शिंदे, जिला विशेष शाखा के उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक कमल साहू और अभिषेक यादव शामिल थे।

अपील: बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here