बसंत राघव/रायगढ़, 24 सितंबर। के.एम.टी. शासकीय कन्या महाविद्यालय में एनएसएस दिवस पर छात्राओं ने एड्स जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां भी हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। अतिथियों के स्वागत के बाद एनएसएस प्रभारी डॉ. नीति देवांगन ने एनएसएस की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी तथा छात्राओं को सेवा कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या डॉ. उमा नेगी ने एनएसएस के महत्व और अपने अधिकारी के रूप में कार्यकाल के अनुभव साझा किए। डॉ. प्रीति सिंह ने समाजसेवा को व्यक्तित्व विकास से जोड़ा, जबकि प्रो. ई. लकड़ा ने युवाओं में सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने में एनएसएस की भूमिका बताई।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. आर. के. राठौर ने किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए छात्राओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ। ‘प्रीति एंड ग्रुप’ ने एड्स जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अंजली चौहान ने गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में प्रो. जुबेल केरकेट्टा, प्रो. अनुपमा टोप्पो, प्रो. अंकित, प्रो. चंद्रकांत वर्मा, प्रो. सविता चौधरी, प्रो. मिलाप पटेल, प्रो. रुक्मणी पटेल, प्रो. अजय महतो सहित प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।







