Home चर्चा में उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा 27 सितंबर को आरंग में 6000 से अधिक...

उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा 27 सितंबर को आरंग में 6000 से अधिक नवसाक्षर देंगे परीक्षा, बीईओ ने कसी कमर

6
0
आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। राष्ट्रव्यापी ‘उल्लास’ नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत आगामी 27 सितंबर (रविवार) को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आरंग विकासखंड में इस महापरीक्षा को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है, जहाँ 6,000 से अधिक परीक्षार्थी साक्षरता की इस परीक्षा में शामिल होकर बुनियादी शिक्षा का प्रमाण हासिल करेंगे।
परीक्षा के सफल, पारदर्शी और व्यवस्थित संचालन के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने संकुल समन्वयकों एवं सभी प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शालाओं के प्रधानपाठकों की विशेष बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी शिक्षकों को अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में शत-प्रतिशत परीक्षार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।वही विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन ने कहा कि 2027 तक पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य है और इस पुनीत कार्य में सभी का सहयोग अपेक्षित है और कोई असाक्षर छूटने न पाये।साक्षरता नोडल अलंकार परिहार एवं डोमार वर्मा ने प्रश्नपत्र वितरण एवं तकनीकी जानकारी साझा की । बीईओ शर्मा ने जानकारी दी कि
विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षरों के बैठने, पेयजल और प्रकाश की समुचित व्यवस्था पूरी कर ली गई है। स्वयंसेवी शिक्षकों  द्वारा पढ़ाए गए प्रौढ़ व युवा नवसाक्षर परीक्षा को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस मूल्यांकन में बुनियादी पठन, लेखन और सरल अंकगणित के ज्ञान का आकलन किया जाएगा।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानपाठकों और शिक्षकों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, “साक्षरता किसी भी समाज की प्रगति की रीढ़ है। ‘उल्लास’ योजना के तहत कोई भी असाक्षर छूटे न, यही हमारा मुख्य लक्ष्य है। प्रधानपाठक और शिक्षक अपने क्षेत्रों में लगातार संपर्क कर पंजीकृत सभी 6,000 से अधिक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाना सुनिश्चित करें, ताकि आरंग विकासखंड साक्षरता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित कर सके।”
27 सितंबर को होने वाली इस महापरीक्षा को सफल बनाने के लिए मैदानी स्तर पर ग्राम प्रभारी ,नोडल अधिकारी, संकुल समन्वयक और शिक्षक गाँव-गाँव में मुनादी व संपर्क अभियान चलाकर अंतिम तैयारियों को मूर्त रूप दे रहे हैं।इस अवसर पर प्राचार्य संध्या रानी बारीक, साक्षरता दूत महेंद्र पटेल व अरविंद वैष्णव,संकुल समन्वयक ओंकार वर्मा, प्रफुल्ल मांझी अभिषेक तिवारी संतोष सोनी आदि की भी सहभागिता रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here