आरंग-
एकीकृत बाल विकास परियोजना (ICDS) आरंग रानीसागर सेक्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत बनरसी के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में आज 25 सितंबर 2026 को “आँगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं सहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों, अभिभावकों एवं समुदाय के बीच संवाद, सहभागिता और पोषण जागरूकता का सशक्त मंच बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों को आकर्षक एवं बालमैत्री वातावरण में सजाया गया। बच्चों एवं अभिभावकों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। पोषण प्रदर्शनी एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से संतुलित एवं पौष्टिक आहार की जानकारी दी गई।

बच्चों के साथ सामूहिक भोजन एवं पोषण संबंधी गतिविधियों के माध्यम से संतुलित आहार, स्वच्छता तथा स्वस्थ खान-पान के महत्व को समझाया गया। साथ ही बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए रंगोली एवं विभिन्न बाल गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के अभिभावकों एवं समुदाय के सदस्यों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE), स्वच्छता तथा नियमित आंगनबाड़ी आने के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिंत दीदियों के कार्यों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, बच्चों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही।
परियोजना स्तर से संदेश देते हुए कहा गया कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि समुदाय को जोड़ने और परिवारों तक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। “आँगन मिलन सेवा” जैसे कार्यक्रमों से आंगनबाड़ी और समुदाय के बीच संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अंजू एक्का सुपरवाइजर, हेमलता, पूजारानी साहू ,ईश्वरी साहू,सुमन साहू आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अतिथियों में मुख्य रूप से गोविंद बंजारे, बलराम , कुमार पटेल, पुनाराम, प्रेमलाल ,यशवंत, लोकनाथ, बुधे लाल लहरी ,पुष्पा , सविता पटेल, द्रोपती व अभिभावकों,सहायिकाओं, मितानिन दीदी एवं ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







