-पेण्ड्रा की सड़कों की भी हो तत्काल मरम्मत
पेण्ड्रा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रईस खान ने कहा छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी ने अधिकारियों की बैठक लेकर एक हफ्ते में सड़कों की मरम्मत करने के लिए आदेश जारी किया था,पर उसका असर गौरेला पेण्ड्रा मरवाही जिले में नजर नही आ रहा है खासतौर पर पेण्ड्रा के मुख्य मार्गों में जहां रोज जिले के बड़े बड़े अधिकारियों का आना जाना लगा रहता है।
पेण्ड्रा शहर की सड़कों की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। शहर के कई हिस्सों में सड़क पर गड्ढे, उखड़ा हुआ डामर और जगह-जगह खराब सतह के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है।


पेण्ड्रा जैसे महत्वपूर्ण शहर में खराब सड़कों का असर दैनिक आवागमन, व्यापार और यातायात व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को होती है।
प्रदेश में शुरू होने वाले सड़क मरम्मत अभियान के तहत पेण्ड्रा शहर की जर्जर सड़कों को भी प्राथमिकता देने की मांग उठ रही है। लोगों का कहना है कि सिर्फ मुख्य मार्ग ही नहीं, शहर के अंदर की खराब सड़कों का भी सर्वे कराकर जल्द मरम्मत कराई जाए।
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रईस खान ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मांग की है कि पेण्ड्रा शहर की सड़कों की वास्तविक स्थिति का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए जाएं, ताकि लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिल सके।







