-28 सितंबर को वेस्ट मैनेजमेंट एवं सर्कुलर इकोनॉमी पर जिला पंचायत सभागार सक्ती में कार्यशाला का होगा आयोजन
जिला सक्ती, 27 सितंबर 2026// “सेवा संकल्प अभियान” के तहत सेवा मेरा योगदान पहल अंतर्गत जनसेवा, जनजागरूकता, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत 28 सितंबर 2026 को जिला पंचायत सभागार सक्ती में वेस्ट मैनेजमेंट एवं सर्कुलर इकोनॉमी कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न अपशिष्टों की पहचान, संग्रहण, सेग्रीगेशन एवं निपटान की जानकारी दी जाएगी। अधिकृत रिसायकलर्स के माध्यम से अपशिष्ट प्रबंधन, स्व-सहायता समूहों (SHG) एवं एसआरएलएम को आय के अवसरों से जोड़ने तथा निष्क्रिय स्व-सहायता समूहों को पुनर्जीवित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।
इसी तरह 29 सितंबर को जिला अस्पताल सक्ती में स्वास्थ्य, महिला एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सिकल सेल, थैलेसीमिया, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच के साथ 12 से 18 वर्ष की बालिकाओं का एचपीवी वैक्सीनेशन, रक्तदान शिविर तथा नशामुक्ति एवं अंगदान संबंधी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कमजोर एवं एनीमिक महिलाओं को दवाइयों एवं सैनिटरी नैपकिन का वितरण तथा पोषण आहार एवं महिला स्वास्थ्य के संबंध में जागरूक किया जाएगा। 30 सितंबर को नवीन कन्या महाविद्यालय सक्ती में युवा, शिक्षा एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में मैराथन दौड़, प्रातःकालीन योग एवं ध्यान, खेल प्रतियोगिताएं एवं पुरस्कार वितरण, गिरिजा रानी सम्मान कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियां होंगी।
साथ ही वृद्धजनों को डिजिटल रूप से साक्षर बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा शपथ ली जाएगी। 2 अक्टूबर को दरहा घाट, चंद्रपुर में स्वच्छ एवं सुंदर घाट अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत घाट की साफ-सफाई एवं कचरा संग्रहण, वृक्षारोपण एवं सौंदर्यीकरण, स्थायी कलर कोडेड डस्टबिन की स्थापना, जल संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा टूटी-फूटी सीढ़ियों के जीर्णोद्धार के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। घाट को स्वच्छ रखने के लिए स्थानीय समिति का गठन भी किया जाएगा। इसी क्रम में 5 अक्टूबर को मालखरौदा में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया जाएगा।
अभियान में सड़क सुरक्षा एवं मतदाता जागरूकता, साइबर जागरूकता, शासन की योजनाओं की जानकारी, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा ‘Vocal for Local’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की गतिविधियां होंगी। इसके साथ ही पुस्तक दान, चप्पल दान, कपड़ा दान, अंगदान एवं रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
घरों में पड़े अनुपयोगी सामान, ई-वेस्ट, टी.वी., बैटरी एवं प्लास्टिक अपशिष्ट आदि के उचित निपटान तथा स्व-सहायता समूहों को सामग्री दान करने के लिए भी जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। 8 अक्टूबर को चयनित वृद्धाश्रम, अनाथालय तथा जिले के दूरस्थ अंचलों में वंचित बच्चों के गांवों का भ्रमण एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दान की गई सामग्री के सत्यापन एवं निपटान तथा रिसाइक्लेबल वेस्ट के संग्रहण एवं निपटान की समीक्षा की जाएगी। स्व-सहायता समूहों की सहभागिता का मूल्यांकन करने के साथ ‘एक गांव गोद लें’ अभियान के लिए वालंटियर्स को प्रेरित किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता से जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सेवा तथा शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा समस्त जिलेवासियों से अपील की गई है कि सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले मे आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में जिलेवासी ज्यादा से ज्यादा जुड़े तथा विकसित भारत 2047 के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करे। जिससे एक बेहतर समाज का निर्माण हो सके।







