हिमांचल कुमार और दीपाली वर्मा साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने के इच्छुक, बड़े मंच पर काव्य पाठ करने का है सपना
संवाददाता: हिमाचल कुमार
बोरी। शासकीय नवीन महाविद्यालय बोरी में 30 सितंबर को आयोजित कवि सम्मेलन में महाविद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों हिमांचल कुमार और दीपाली वर्मा ने अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। दोनों विद्यार्थियों की रचनाओं ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी साहित्यिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महाविद्यालय की प्राचार्य कमल तलक मैम ने उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की हिंदी व्याख्याता अर्चना विश्वकर्मा एवं अर्थशास्त्र की व्याख्याता भारती साहू भी मौजूद रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों की साहित्यिक रुचि और रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।
साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा
बातचीत के दौरान हिमांचल कुमार और दीपाली वर्मा ने बताया कि वे साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं। दोनों विद्यार्थियों की रुचि कविता लेखन और काव्य पाठ में है। वे अपनी कलम के माध्यम से निरंतर नई रचनाएं लिखते रहना चाहते हैं और साहित्य जगत में अपनी अलग पहचान बनाने का सपना देखते हैं।
स्थानीय स्तर पर करते हैं काव्य पाठ, बड़े मंच की तलाश
दोनों विद्यार्थी स्थानीय स्तर पर काव्य पाठ करते हैं, लेकिन अभी तक उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए किसी बड़े मंच पर अवसर नहीं मिल पाया है। वे चाहते हैं कि उन्हें ऐसे मंचों पर अपनी स्वरचित कविताएं प्रस्तुत करने का मौका मिले, जहां उनकी रचनाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।

महाविद्यालय में आयोजित कवि सम्मेलन में मिली सराहना और सम्मान ने दोनों विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया है। उनकी इच्छा है कि वे निरंतर लेखन करते हुए साहित्य के क्षेत्र में आगे बढ़ें और भविष्य में बड़े कवि सम्मेलनों में अपनी रचनाओं का पाठ कर सकें।







