रतनपुर संवाददाता – विमल सोनी
रतनपुर। धार्मिक नगरी और माँ महामाया की पावन भूमि रतनपुर इस शारदीय नवरात्रि सिर्फ आस्था से ही नहीं, बल्कि उमंग और उल्लास से भी सराबोर होने जा रही है। नवरात्रि पर्व को और अधिक भव्य, रंगीन और यादगार बनाने के लिए शहर के सबसे चर्चित नवयुथ डांडिया ग्रुप समिति द्वारा भव्य डिस्को डांडिया नाइट – 2026 का विराट आयोजन किया जा रहा है।
और इस बार आयोजन का इतिहास रचा जाएगा, क्योंकि रतनपुर के सांस्कृतिक मंच पर पहली बार छत्तीसगढ़ी सिनेमा की सुपरस्टार, लाखों दिलों की धड़कन अभिनेत्री आस्था शर्मा सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में शिरकत करेंगी।
13 अक्टूबर – रतनपुर के लिए ऐतिहासिक शाम
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर, सोमवार की रात्रि इस डिस्को डांडिया नाइट की सबसे चमकदार रात होगी। इसी दिन छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत की जानी-मानी अभिनेत्री आस्था शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मंच की शोभा बढ़ाएंगी।
उनकी एक झलक पाने और उनके साथ गरबा-डांडिया करने के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह और क्रेज देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर यह खबर आते ही रतनपुर, बिलासपुर, कोटा और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं में कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह शुरू हो गया है।
आस्था शर्मा ने छत्तीसगढ़ी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी और मनमोहक अंदाज से अलग पहचान बनाई है और अब रतनपुर में उनकी पहली उपस्थिति इस आयोजन को राज्यस्तरीय पहचान दिलाएगी।
सिर्फ डांडिया नहीं, संस्कृति का महासंगम
नवयुथ डांडिया ग्रुप द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल डिस्को डांडिया तक सीमित नहीं है। यह संस्कृति, संगीत और आधुनिकता का अद्भुत संगम होगा।
कार्यक्रम की विशेषताएं:
– भव्य लाइटिंग और साउंड: मुंबई की तर्ज पर हाई-टेक डिस्को लाइट्स और डीजे सेटअप
– पारंपरिक गरबा और आधुनिक डिस्को डांडिया का फ्यूजन
– बेस्ट ड्रेस, बेस्ट डांस कपल और बेस्ट गरबा क्वीन के लिए आकर्षक पुरस्कार
– सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और महिला सुरक्षा के लिए अलग व्यवस्था
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि के पावन पर्व को युवा पीढ़ी से जोड़ना, स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच प्रदान करना और क्षेत्रवासियों को स्वस्थ मनोरंजन का एक पारिवारिक मंच देना है।
समिति की अपील
नवयुथ डांडिया ग्रुप समिति ने नगर के समस्त श्रद्धालुजनों, मातृशक्ति, युवाओं और क्षेत्रवासियों से हृदय से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य डिस्को डांडिया नाइट को सफल बनाएं और रतनपुर में पहली बार आ रही छत्तीसगढ़ी सुपरस्टार आस्था शर्मा का जोरदार स्वागत करें।







