कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कुसमुंडा। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर रविवार देर शाम कुसमुंडा के आदर्श नगर स्थित मां शेरावाली मंदिर के समीप मां जगदंबा जस जागरण एवं सांस्कृतिक मंच द्वारा भव्य देवी जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा परिसर माता रानी के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद मां जगदंबा की विधिवत पूजा-अर्चना और गणेश वंदना के साथ देवी जागरण की शुरुआत हुई। मंच पर उपस्थित भजन गायकों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
जागरण में पिंकी स्नेहा साहू, श्याम यादव, धनसाय साहू, प्रदीप कुमार साहू और वंशिका साहू ने एक से बढ़कर एक देवी भजनों की प्रस्तुति दी। पिंकी स्नेहा साहू ने ‘हे भैया जी ताली बजा देना’ भजन से श्रोताओं में उत्साह भर दिया, वहीं वंशिका साहू ने ‘ए दिया वो दिया’ की प्रस्तुति देकर समां बांधा। श्याम यादव ने ‘ओम नमः शिवाय’ के गायन से भक्तिमय माहौल बनाया, जबकि धनसाय साहू ने ‘सोलह सिंगार’ भजन से श्रोताओं का मन मोह लिया।
वहीं, प्रदीप कुमार साहू ने प्रसिद्ध भजन ‘तूने मुझे बुलाया शेरावालिए…’ की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों के साथ आकर्षक नृत्य और झांकियों ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। माता रानी की भक्ति में लीन श्रद्धालु देर रात तक भजनों पर झूमते रहे और बीच-बीच में जयकारों से पूरे परिसर को गुंजायमान करते रहे।
नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित इस देवी जागरण ने क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना दिया। आयोजन में श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। मां जगदंबा के प्रति आस्था, भक्ति और समर्पण का यह आयोजन देर रात तक जारी रहा।







