संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-34 जांजगीर-चांपा में निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण -2027 के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री शशि कुमार चौधरी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया, निर्वाचक नामावली के अद्यतन, नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन किए जाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री चौधरी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने दलों की ओर से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने का अनुरोध किया।
बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा से अवगत कराया गया। साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की गई।







