जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दच्छन के इलाके से लापता दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों के शवों को बरामद कर लिया गया है. किश्तवाड़ जिले के मारवाह जंगल में फायरिंग के बाद दो SPO जवान लापता हो गए थे. दोनों जवानों के शव गोलियों से छलनी हालत में बरामद किए गए हैं. मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है.
किश्तवाड़ के दच्छन इलाके से दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव बरामद किए गए हैं, उनके शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं. दोनों अधिकारी बुधवार को लापता हुए थे. SPOs के शव के पास से उनके हथियार बरामद नहीं हुए हैं. जिससे शक गहरा गया है कि आतंकियों ने इस घटना को अंजाम दिया होगा.
दोनों SPOs 11 नवंबर की दोपहर सेना के जवानों के साथ गश्त पर थे और धेरना पोस्ट की ओर जा रहे थे, तभी उनसे संपर्क टूट गया था. इससे ठीक पहले दोपहर करीब 3:30 बजे इलाके में गोलीबारी की आवाजें सुनाई दी थीं.
किश्तवाड़ जिले के ऊपरी इलाकों में, घने जंगलों वाले दूर-दराज के क्षेत्रों में तलाशी और घेराबंदी अभियान तेज कर दिया गया है. सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और केंद्रीय बलों की टीमें अपने काम में जुटी हुई हैं.







