पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 21 नवंबर को नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट को जारी कर दिया है, जिसमें पिछली बार जहां पीसीबी ने 30 खिलाड़ियों को कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया था तो वहीं इस बार अलग-अलग कैटेगिरी को मिलाकर कुल 38 खिलाड़ियों को साल 2026-27 के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह मिली है। इस बार पीसीबी ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को लेकर कुछ बड़े फैसले भी लिए हैं, जिसमें युवा खिलाड़ियों को जहां जगह मिली है तो वहीं मोहम्मद रिजवान और शान मसूद के अलावा सैम अयूब को शामिल नहीं किया गया है।
पीसीबी ने साल 2026-27 के लिए जो प्लेयर्स सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट की लिस्ट को जारी किया है उसमें उन्होंने टॉप कैटेगिरी AB में सलमान आगा और बाबर आजम को जगह दी है। पीसीबी ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के स्ट्रक्चर में बदलाव किया जिसमें पहली बार फॉर्मेट के आधार पर कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है। इसमें कुल 38 खिलाड़ियों को 5 अलग-अलग कैटेगिरी में बांटा गया है, जिसमें टेस्ट और वनडे खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए AB कैटेगिरी, सिर्फ टेस्ट खेलने वाले खिलाड़ियों को A कैटेगिरी, वनडे और टी20 खेलने वाले प्लेयर्स को BC कैटेगिरी, सिर्फ टी20 खेलने वाले खिलाड़ियों को C कैटेगिरी में शामिल किया गया है। वहीं एक D कैटेगिरी भी शामिल की गई है, जिसमें उभरते हुए युवा खिलाड़ियों को पीसीबी ने शामिल किया है। यह सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट जुलाई 2026 से जून 2027 तक लागू रहेगा। इस साल जून में पिछला कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद से खिलाड़ी बिना किसी कॉन्ट्रैक्ट के थे।







