संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
सिवनी में शिक्षक अशोक तिवारी के मार्गदर्शन में शुरू हुआ अनूठा अभियान
हर शनिवार मोहल्लों में पहुंचकर पालकों से सीधा संवाद करेंगे शिक्षक
जिला जांजगीर-चांपा बलौदा। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शाला के प्रति समुदाय की सहभागिता बढ़ाने के लिए अब शिक्षकों ने एक नई पहल शुरू की है। बलौदा विकासखंड के ग्राम सिवनी स्थित बालक प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षक अशोक तिवारी के मार्गदर्शन में ‘मोहल्ला पीटीएम’ (पालक-शिक्षक बैठक) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस अभिनव पहल के माध्यम से अब शिक्षक केवल विद्यालय में पालकों का इंतजार नहीं करेंगे, बल्कि स्वयं गांव के अलग-अलग मोहल्लों में पहुंचकर अभिभावकों से सीधा संवाद करेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, पढ़ाई के प्रति रुचि और विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। शिक्षक अशोक तिवारी ने बताया कि कक्षा पहली से आठवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों की मोहल्लावार सूची तैयार की गई है। इसके आधार पर प्रत्येक शनिवार को विद्यालयीन समय के अतिरिक्त शिक्षकों की अलग-अलग टीमें बनाकर गांव के विभिन्न पारा-मोहल्लों में पालक बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक की सूचना एक दिन पहले ही संबंधित मोहल्ले के बच्चों के माध्यम से पालकों तक पहुंचाई जाती है, ताकि अभिभावक निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर अपने बच्चों की पढ़ाई और प्रगति के संबंध में शिक्षकों से चर्चा कर सकें। इस व्यवस्था से उन पालकों को भी विद्यालय से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जो व्यस्तता अथवा अन्य कारणों से नियमित रूप से स्कूल नहीं पहुंच पाते।
चिल्हा पारा से हुई मोहल्ला पीटीएम की शुरुआत
इस साप्ताहिक अभियान की शुरुआत गांव के चिल्हा पारा से की गई। यहां आयोजित पहली बैठक में मोहल्ले के पालकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। शिक्षकों ने बच्चों के रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों और कमजोरियों की जानकारी अभिभावकों को दी। साथ ही पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने तथा प्रतिदिन पढ़ने की आदत विकसित करने की अपील की गई।
बैठक में पालकों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखे। उन्होंने बच्चों को नियमित गृहकार्य देने तथा जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर हैं, उनमें विशेष उपचारात्मक शिक्षण की व्यवस्था करने का सुझाव दिया। शिक्षकों ने पालकों के सुझावों को सकारात्मक रूप से लेते हुए इस दिशा में आवश्यक प्रयास करने की बात कही। मोहल्ले के अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी कदम बताया।
25 बच्चों के पालकों ने निभाई सहभागिता
चिल्हा पारा में आयोजित इस बैठक में कुल 25 बच्चों के माता-पिता उपस्थित हुए। इस दौरान शिक्षक राजू देवांगन, अशोक तिवारी, यशवंत देवांगन, नरेश देवांगन, घनश्याम शुक्ला, ज्योति दास महंत एवं गीता श्रीवास ने अपने-अपने कक्षा के विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड पर पालकों से चर्चा की तथा बच्चों की शैक्षणिक स्थिति से उन्हें अवगत कराया।
शिक्षक और पालक मिलकर संवारेंगे बच्चों का भविष्य
शिक्षकों का मानना है कि बच्चे की शिक्षा केवल विद्यालय की चारदीवारी तक सीमित नहीं होती। विद्यालय में शिक्षक और घर में अभिभावक, दोनों की समान भूमिका होती है। यदि शिक्षक और पालक नियमित संवाद बनाए रखें तो बच्चों की पढ़ाई में आने वाली कठिनाइयों को समय रहते पहचाना जा सकता है। यही सोच इस मोहल्ला पीटीएम अभियान का आधार है।
शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रत्येक सप्ताह गांव के अलग-अलग मोहल्लों में निरंतर संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से अधिक से अधिक पालकों को जोड़ने, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति की दिशा में प्रयास करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति पर व्यक्तिगत ध्यान देने की योजना है।
सरकारी स्कूलों के लिए अनुकरणीय पहल बन सकती है मोहल्ला पीटीएम
आज जब सरकारी विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और पालकों की सक्रिय सहभागिता को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे समय में सिवनी की यह पहल एक सकारात्मक संदेश देती है। शिक्षा सुधार के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना भी जरूरी है। मोहल्ला पीटीएम इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
यदि शिक्षक इसी तरह बच्चों के घर-परिवार और सामाजिक परिवेश तक पहुंचकर संवाद स्थापित करें तथा पालक भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सहयोग करें, तो निश्चित ही विद्यालयों में शिक्षा का वातावरण मजबूत हो सकता है। सिवनी में शुरू हुई यह पहल दूसरे विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।







