Home कोंडागांव ​पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं टीईटी अनिवार्यता से मुक्ति हेतु...

​पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा एवं टीईटी अनिवार्यता से मुक्ति हेतु धनोरा में मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन

4
0
​कोंडागांव। विधानसभा क्षेत्र केशकाल अंतर्गत धनोरा में आयोजित मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान आज दिनांक 23 नवंबर 2026 को शिक्षक एकता मंच, कोंडागांव द्वारा पूर्व नियुक्त शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु माननीय मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन स्थानीय केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम एवं कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग के माध्यम से प्रेषित किया गया।
​ज्ञापन में राजपत्र अधिसूचना 2010 से पूर्व तत्कालीन निर्धारित अर्हताओं एवं विधिवत चयन प्रक्रिया से नियुक्त शिक्षकों को टीईटी (TET) परीक्षा की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त रखने की मांग की गई है। मंच ने राजपत्र अधिसूचना 2010 की छायाप्रति संलग्न करते हुए सेवा सुरक्षा के पक्ष में निम्नलिखित विधि-संगत एवं संवैधानिक आधार प्रस्तुत किए हैं:
​संविधान का अनुच्छेद 21 (सेवा सुरक्षा एवं आजीविका): दीर्घकाल से सेवारत शिक्षकों की सेवा निरंतरता व पदोन्नति को पश्चात्वर्ती परीक्षा के अधीन करना उनके परिवार की आजीविका एवं गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार को सीधे प्रभावित करता है।
​आरटीई अधिनियम 2009 (धारा 23) एवं एनसीटीई राजपत्र 2010: एनसीटीई की दिनांक 23 अगस्त 2010 की राजपत्र अधिसूचना के पैरा 4 में स्पष्ट प्रावधान है कि इस तिथि से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता से मुक्त रखा गया है।
​संविधान का अनुच्छेद 309 (अर्जित अधिकार): नियुक्ति के समय लागू नियमों के अंतर्गत नियुक्त लोक सेवकों के अर्जित अधिकारों (Vested Rights) को भूतलक्षी प्रभाव से नई शर्तें लगाकर प्रभावित नहीं किया जा सकता।
​संविधान का अनुच्छेद 14 एवं 16 (समता एवं न्याय): वर्षों की नियमित सेवा के उपरांत पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर नई पात्रता परीक्षा थोपना विधि के समक्ष समता एवं लोक नियोजन में न्यायसंगत व्यवहार के सिद्धांतों के विपरीत है।
​मंच ने माननीय मुख्यमंत्री से विनम्र आग्रह किया है कि उपरोक्त विधिक एवं संवैधानिक प्रावधानों के आलोक में शीघ्र स्पष्ट शासन आदेश जारी किया जाए, जिससे राजपत्र 2010 से पूर्व नियुक्त समस्त शिक्षकों को टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त रखते हुए उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
​जारीकर्ता:
रामचन्द्र सोनवंशी
शिक्षक सेवा सुरक्षा मंच, कोंडागांव (छत्तीसगढ़)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here