बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
जगदलपुर, 23 नवम्बर 2026/ आम नागरिकों को शासन की डिजिटल सेवाओं का लाभ बिना किसी रुकावट और देरी के दिलाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्टोरेट स्थित प्रेरणा हॉल में सेवा सेतु पोर्टल के ऑपरेटरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण राज्य शासन के निर्देशानुसार पोर्टल के सुचारू संचालन तथा आवेदनों के निराकरण में आने वाली तकनीकी व प्रक्रियात्मक दिक्कतों को दूर करने के लिए रखा गया था।
जिले के सभी विकासखण्डों से आए ऑपरेटरों को निर्धारित समय के अनुसार दो सत्रों में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान ईडीएम (ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर) और अन्य अधिकारियों ने ऑपरेटरों को विस्तार से बताया कि पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का सही और समयबद्ध निराकरण कैसे किया जाए, आवश्यक दस्तावेजों को निर्धारित प्रारूप तथा उचित गुणवत्ता में कैसे अपलोड करें और आवेदन भरते समय होने वाली गलतियों से कैसे बचें ताकि निरस्त होने वाले आवेदनों की संख्या घट सके।
प्रशिक्षण में यह बात प्रमुखता से सामने रखी गई कि दस्तावेजों को सही प्रारूप में अपलोड न करने के कारण कई आवेदन निरस्त हो जाते हैं, जिसकी शिकायतें मिल रही थीं। ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि वे शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप काम करें और आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण तय समय-सीमा के भीतर करें। इस प्रशिक्षण सत्र में आय, जाति, निवास, विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं, आईटीआई और अन्य विभागीय सेवाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं पर भी मार्गदर्शन दिया गया, जिसका मुख्य लक्ष्य ऑपरेटरों की कार्यक्षमता बढ़ाना और आम लोगों तक शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचाना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सेवा सेतु पोर्टल का संचालन पूरी जिम्मेदारी और सावधानी से किया जाना चाहिए। प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संबंधित ऑपरेटर की सेवा सेतु आईडी बंद करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।







