Home चर्चा में प्रभारी सचिव ने धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण, किसानों से की...

प्रभारी सचिव ने धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण, किसानों से की चर्चा

5
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
धान खरीदी में पारदर्शिता, किसानों की सुविधा और सुचारू उपार्जन सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
      जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कार्य के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन को लेकर प्रभारी सचिव श्री एस. प्रकाश एवं कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर उपार्जन व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड बलौदा के धान खरीदी केन्द्र बलौदा एवं कोरबी तथा सिवनी (नैला) स्थित धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर धान खरीदी प्रक्रिया, तौल, गुणवत्ता परीक्षण, भंडारण एवं किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
      निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने केन्द्र प्रभारियों से अब तक उपार्जित धान की मात्रा, पंजीकृत किसानों की संख्या, जारी टोकन, धान विक्रय कर चुके किसानों तथा शेष किसानों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रतिदिन होने वाली खरीदी एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की भी समीक्षा की। प्रभारी सचिव ने धान तौल प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए नमी, धान की गुणवत्ता एवं बारदानों की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने धान के सुरक्षित रख-रखाव, जल निकासी व्यवस्था तथा किसानों के लिए पेयजल और छायादार स्थान जैसी सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी केन्द्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
      प्रभारी सचिव ने नोडल अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराने कहा। उन्होंने धान की तौल निर्धारित मापदंडों के अनुसार करने, खरीदी के पश्चात सुरक्षित भंडारण एवं समय पर उठाव सुनिश्चित करने तथा बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने धान के अलग अलग किस्मो के आधार पर स्टेकिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने धान विक्रय के लिए खरीदी केन्द्र पहुंचे किसानों से सीधे चर्चा की। उन्होंने किसानों से टोकन व्यवस्था, धान विक्रय प्रक्रिया एवं केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उनकी समस्याओं का तत्परता से निराकरण किया जाए। प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से धान उपार्जन का कार्य प्राथमिकता से संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष बलौदा श्रीमती कविता डहरिया, जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री सुमित बघेल उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here