-फेंसिंग के भीतर भी कब्जा, ग्राम वन समिति की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल?
दीपक शर्मा/कोरबा/पाली:- कटघोरा वनमंडल के पाली वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोंगानाला में वनभूमि पर अवैध कब्जे की होड़ देखने को मिला है। जहां अजगरमुड़ा तालाब के ऊपर नहर नाली किनारे साल के घने जंगल में लगभग 10 एकड़ वनभूमि पर साजा, तेंदू, साल, पलास के 10 से 12 फीट ऊंचे लहलहाते अनगिनत पौधों को बेदर्दी से काट दिया गया है और वहां दर्जनों झोपड़ियां बनाकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कब्जा किया जा रहा है।
तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि कैसे हरे- भरे जंगल के बीच में लकड़ी के खंभों और पत्तों से झोपड़ियां खड़ी कर दी गई हैं। कहीं कटा हुआ ठूंठ पड़ा है, तो कहीं काटकर गिराए गए पेड़ जमीन पर बिखरे पड़े हैं। यह किसी एक दिन का काम नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से जंगल उजाड़कर जमीन हथियाने का खेल है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि मार्ग किनारे वन विभाग द्वारा कराए गए फेंसिंग कार्य के भीतर भी झोपड़ी बनाकर कब्जा किया जा रहा है। यानी जिस फेंसिंग को जंगल की सुरक्षा के लिए लगाया गया था, उसी के अंदर कब्जा हो रहा है। इस कब्जे के पीछे ग्राम वन समिति की भूमिका को अहम बताया जा रहा है। जिस समिति को जंगल बचाने की जिम्मेदारी दी गई है, उसी की छत्रछाया में जंगल कट रहा है, यह आरोप अब खुलकर सामने आ रहा है।

दूसरी ओर पाली परिक्षेत्र के रेंजर योगेश्वर बंजारे की निष्क्रियता और बीट कर्मचारियों की अनदेखी के कारण ही वनभूमि पर ग्रामीणों द्वारा अवैध कब्जे को अंजाम दिया जा रहा है। सरकार ने जिन कंधों पर वनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है, वे जंगल उजाड़ने और वनभूमि पर कब्जे की रोकथाम के लिए कारगर कदम उठाने की जगह कार्यालय में बैठे- बैठे अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर रहे हैं। न बीट में गश्त हो रही है, न कब्जा हटाने की कार्रवाई, न ही काटे गए पेड़ों को लेकर किसी प्रकार की कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। संबंधितों के इस किकर्तव्यविमूढ़ता के परिणामस्वरूप जंगल का दायरा घटने लगा है। इस अवैध कब्जे को लेकर आसपास लोगों का कहना है कि आज झोपड़ी है, कल पक्का मकान होगा। यदि समय रहते कब्जा नहीं हटाया गया तो यह 10 एकड़ वनभूमि हमेशा के लिए जंगल के हाथ से निकल जाएगी और फिर इसे छुड़ाना लगभग असंभव हो जाएगा। ऐसी घटना पहले भी कई जगहों पर देखा जा चुका है, जहां पहले झोपड़ी, फिर मकान और फिर पट्टे की मांग शुरू हुई है।
संबंधित शीर्ष अधिकारियों से मांग है कि इस ओर गंभीरता से संज्ञान लेकर वनभूमि को कब्जामुक्त कराने की दिशा में अति आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। काटे गए साजा, तेंदू, साल, पलास के पेड़ों की गिनती कर वन अपराध दर्ज किया जाए, कब्जाधारियों को चिन्हांकित कर बेदखली की कार्रवाई की जाए और निष्क्रियता बरतने वाले रेंजर व बीट कर्मचारियों पर भी जवाबदेही तय की जाए। अन्यथा यही निष्क्रियता और अनदेखी बरती गई तो उक्त जंगल में झोपड़ी के स्थान पर जल्द ही पक्का मकान नजर आने लगेगा और पाली का यह हरा- भरा जंगल इतिहास बन जाएगा।







