Home चर्चा में छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस: ‘दाई-महतारी भाषा सप्ताह’ से मातृभाषा को मिलेगा प्रोत्साहन, स्वाभिमान...

छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस: ‘दाई-महतारी भाषा सप्ताह’ से मातृभाषा को मिलेगा प्रोत्साहन, स्वाभिमान और संरक्षण पर भी उठी आवाज

5
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
शक्ति, 28 नवंबर।* छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और पहचान की संवाहक ‘छत्तीसगढ़ी भाषा’ को बढ़ावा देने और आमजन को अपनी मातृभाषा से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस के अवसर पर “दाई-महतारी भाषा सप्ताह” मनाने की महत्वपूर्ण पहल की है। हालांकि, इसी अवसर पर शासकीय दफ्तरों में छत्तीसगढ़ी की उपेक्षा को लेकर चिंता भी जताई गई है और मूल छत्तीसगढ़िया भाषी युवाओं की नियुक्ति की मांग उठी है।
छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय आयोग (विधि) के प्रदेश अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता *चितरंजय पटेल* ने कहा कि “छत्तीसगढ़ी केवल एक बोली नहीं, बल्कि हमारा स्वाभिमान है, जिसका सम्मान और संरक्षण आज वक्त की सबसे बड़ी मांग है।”
उन्होंने सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए आग्रह किया कि राज्य अपनी स्थापना की रजत जयंती मना चुका है, इसके बावजूद शासकीय कार्यालयों में छत्तीसगढ़िया और छत्तीसगढ़ी भाषा के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार हो रहा है, जो अत्यंत चिंतनीय है। श्री पटेल ने सुझाव दिया कि केवल सात दिवसीय ‘दाई-महतारी’ आयोजन करने के बजाय प्रत्येक शासकीय दफ्तर में छत्तीसगढ़ी को व्यवहार में लाने के लिए छत्तीसगढ़ी भाषी मूल छत्तीसगढ़िया युवाओं की नियुक्ति की जानी चाहिए, तभी वास्तविक रूप से छत्तीसगढ़िया स्वाभिमान का संरक्षण संभव हो सकेगा।
छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष *प्रभात मिश्रा* ने भाषा के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी का इतिहास अत्यंत प्राचीन है। साहित्यकार हरि ठाकुर की पुस्तक ‘छत्तीसगढ़ गौरव गाथा’ के उल्लेखानुसार, प्राचीन ग्रंथों में वर्णित कौशल प्रदेश के दो भागों (उत्तर कौशल और दक्षिण कौशल) में से ‘दक्षिण कौशल’ ही आज का छत्तीसगढ़ है।  नलवंशी, शरभपुरीय, सोमवंशी, पांडुवंशी और कलचुरी राजाओं के शासनकाल में यहां की भाषा और साहित्य की परंपरा निरंतर विकसित हुई।वर्ष 1885 में हीरालाल काव्योपाध्याय द्वारा छत्तीसगढ़ी व्याकरण की रचना किए जाने से भाषा के लेखन और समझ को नई दिशा मिली।
श्री मिश्रा ने आगे बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ी साहित्य की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट रचनाएं लिखी जा रही हैं। इसे भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के प्रयासों के साथ-साथ युवाओं को छत्तीसगढ़ी के माध्यम से रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में भी विचार किया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ी को राजभाषा का दर्जा दिलाने के लिए *28 नवंबर 2007* को छत्तीसगढ़ विधानसभा में सर्वसम्मति से विधेयक पारित किया गया था। इसके पश्चात 11 जुलाई 2008 को राजपत्र में इसका प्रकाशन हुआ और 14 अगस्त 2008 को ‘छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग’ का गठन किया गया। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 नवंबर को प्रदेशभर में ‘छत्तीसगढ़ राजभाषा दिवस’ मनाया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here