Home मुख्य ख़बरें दो साल बाद फिर पटरी पर लौटी गेवरारोड-रायपुर पैसेंजर ट्रेन, यात्रियों को...

दो साल बाद फिर पटरी पर लौटी गेवरारोड-रायपुर पैसेंजर ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, रोजाना सफर होगा आसान।

4
0

रायपुर-

लम्बे इंतजार और मांग के बाद आखिरकार गेवरारोड-रायपुर-गेवरारोड मेमू पैसेंजर ट्रेन एक बार फिर से पटरी पर लौट रही है। यह ट्रेन करीब दो साल और 169 दिन के अंतराल के बाद फिर से चलने जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर जोन ने जिन 13 डेमू और मेमू पैसेंजर ट्रेनों को बहाल करने की घोषणा की है, उनमें यह ट्रेन भी शामिल है।

यह सेवा 16 और 17 जुलाई से दोबारा शुरू की जाएगी, जिससे कोयलांचल क्षेत्र के यात्रियों और दिन के समय सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेल सेवा का शेड्यूल

रायपुर से गेवरारोड (गाड़ी संख्या 68746):
रोजाना दोपहर 1:50 बजे रायपुर स्टेशन से रवाना होकर शाम 7:30 बजे गेवरारोड पहुंचेगी।

गेवरारोड से रायपुर (गाड़ी संख्या 68745):
अगले दिन सुबह 6:30 बजे गेवरारोड से प्रस्थान कर 11:25 बजे रायपुर पहुंचेगी।

यह ट्रेन पहले 29 जनवरी 2023 को रद्द कर दी गई थी। तब से लगातार स्थानीय यात्रियों और क्षेत्रवासियों द्वारा इसे फिर से शुरू करने की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।

यात्रियों के लिए क्यों है खास

इस ट्रेन की बहाली से अब गेवरारोड से रायपुर तक पहली सुबह की सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध होगी। साथ ही, दिन के समय बिलासपुर और रायपुर से गेवरारोड आने-जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

अब तक यात्रियों को सुबह 7:20 बजे चलने वाली लिंक एक्सप्रेस के बाद सीधी ट्रेन के लिए शाम 6:00 बजे तक इंतजार करना पड़ता था। इस बीच कोई यात्री ट्रेन नहीं थी, जिससे यात्रा करना कठिन हो जाता था। अब यह मेमू लोकल दोपहर के समय सफर का नया विकल्प देगी।

लंबे समय से उठ रही थी मांग

सीधी रेल सेवा के अभाव में यात्रियों को कोरबा रेलवे स्टेशन तक 15–20 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। बिलासपुर तक जाने के लिए सीमित विकल्प थे। खासकर कोयलांचल के यात्रियों की यह बड़ी जरूरत थी, जो अब पूरी हो गई है।

इस पहल से रायपुर, बिलासपुर और कोरबा रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि सफर भी पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here