रायपुर-
छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए सिस्टम के कारण प्रदेश में बारिश का दौर लौटेगा। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बूंदाबांदी हो सकती है।
16 से 18 जुलाई तक भारी बारिश का पूर्वानुमान
अगले कुछ दिनों में सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भारी वर्षा की संभावना है। बीते 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान दुर्ग में 33.6°C और न्यूनतम तापमान राजनांदगांव में 22°C रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर का मौसम कैसा रहेगा?
रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम तापमान 26°C के आसपास रहने की संभावना है।
क्या कह रहे हैं मौसम वैज्ञानिक?
विज्ञानियों के अनुसार, एक सक्रिय निम्न दबाव प्रणाली दक्षिण-पूर्व गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश पर बनी हुई है, जिसके चलते प्रदेश में अगले 24 घंटे में वर्षा गतिविधियाँ तेज़ हो सकती हैं। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और 16 से 18 जुलाई के बीच भारी बारिश के हालात बना सकता है।
इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज और यलो अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट: उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, दुर्ग, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में गरज-चमक, तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा), वज्रपात और मध्यम से भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
यलो अलर्ट: बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।







