रायपुर-
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तार किए गए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल को अब न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ईडी की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद मंगलवार को चैतन्य बघेल को रायपुर स्थित विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।
गौरतलब है कि 18 जुलाई की सुबह, यानी चैतन्य बघेल के जन्मदिन के दिन, ईडी की टीम ने भिलाई स्थित उनके निवास पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया था। इस दौरान उन्हें शराब घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया।
ईडी ने कोर्ट से पूछताछ के लिए 5 दिन की रिमांड मांगी थी, जिसे मंजूर किया गया था। पूछताछ के बाद मंगलवार को रिमांड खत्म होने पर उन्हें फिर से अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का निर्णय लिया गया।
इस पूरे मामले को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज है, वहीं ईडी जांच के तहत कई अन्य नामों के भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।









