मॉस्को-
रूस की अंगारा एयरलाइंस का एक यात्री विमान उस वक्त लापता हो गया जब वह अपने गंतव्य से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर था। विमान में कुल 50 लोग सवार थे, जिनमें 43 यात्री (5 बच्चे समेत) और क्रू के 6 सदस्य शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रूस-चीन सीमा के पास स्थित पूर्वी अमूर क्षेत्र में हुआ, जहां एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से विमान का संपर्क अचानक टूट गया।
गंतव्य के पास टूटा संपर्क
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विमान साइबेरिया के अंगारा एयरलाइंस का था और अमूर क्षेत्र के टाइंडा शहर की ओर जा रहा था। जैसे ही विमान गंतव्य स्थल के करीब पहुंचा, ATC से उसका संपर्क टूट गया।
स्थानीय गवर्नर वेसिली ओरलोव ने बताया कि विमान की खोजबीन के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सघन तलाशी अभियान जारी
विमान के लापता होने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, सेना और बचाव दल को सक्रिय किया गया। हवाई और जमीनी स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। हालांकि अभी तक किसी भी मलबे या संकेत का पता नहीं चल सका है।
बढ़ती चिंता और दुआओं का दौर
रूस में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है। विमान में मौजूद यात्रियों के परिजन बेसब्री से उनके सकुशल होने की खबर का इंतजार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग यात्रियों की सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं।









