रूस के अमूर क्षेत्र में एक बड़ा विमान हादसा हुआ है, जिसमें 49 लोगों की जान चली गई। यह विमान चीन की सीमा से सटे टिंडा शहर की ओर जा रहा था। हादसे के वक्त विमान में 43 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे।
पहाड़ी पर मिला मलबा, सभी की मौत की पुष्टि
स्थानीय बचाव दलों ने टिंडा से करीब 16 किलोमीटर दूर एक पहाड़ी इलाके में विमान का मलबा बरामद किया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्रियों की इस हादसे में मौत हो गई है।
संपर्क टूटने से पहले कर रहा था दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह विमान पहली बार लैंडिंग करने में असफल रहा था। जब उसने दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश की, तभी वह रडार से गायब हो गया। टिंडा हवाईअड्डे के पास एक निर्धारित चेकपॉइंट से भी इसका संपर्क नहीं हो सका।
63 साल पुराना था दुर्घटनाग्रस्त विमान
दुर्घटना का शिकार हुआ विमान An-24 मॉडल का था, जिसे 1962 में सेवा में लाया गया था। इसे विशेष रूप से कठिन और छोटे रनवे पर उड़ान भरने के लिए डिज़ाइन किया गया था। यह विमान पुराने तकनीक से लैस था, जिसकी उम्र करीब 63 वर्ष थी।
पिछली घटनाओं की भी दिला गया याद
यह हादसा अमूर क्षेत्र में एक साल पहले हुए हेलीकॉप्टर दुर्घटना की भी याद दिलाता है, जिसमें एक रॉबिन्सन R66 हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान लापता हो गया था और बाद में उसका मलबा मिला था, जिसमें तीनों यात्रियों की मौत हो गई थी।
कठिन हालात में चल रहा रेस्क्यू
AN-24 का मलबा आधे किलोमीटर में फैला हुआ है, जिस वजह से राहत कार्य बेहद मुश्किल हो रहा है। बचावकर्मी अब रस्सियों के सहारे घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं।
कौन चला रहा था विमान?
यह विमान रूस की अंगारा एयरलाइंस से संबंधित था और खाबरोवस्क से उड़ान भरकर ब्लागोवेशचेंस्क होते हुए टिंडा की ओर जा रहा था। उड़ान की शुरुआत 24 जुलाई की सुबह 7:36 बजे हुई थी।









