रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री आलोक सिंह ठाकुर का पदभार ग्रहण एवं सम्मान समारोह रायपुर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर समारोह को ऐतिहासिक बना दिया।

समारोह में केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्री श्याम बिहारी जयसवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री नंदन जैन, डॉ. सलीम राज, श्री संदीप शर्मा, श्री पवन साहू, श्री यशवंत जैन एवं श्री नवीन मार्कण्डेय जैसे प्रमुख नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी नेताओं ने आलोक सिंह ठाकुर को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में किसान मोर्चा प्रदेश के किसानों के हित में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

अपने संबोधन में श्री ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और वे प्रदेश भर के किसानों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए संगठन को और मजबूत करने की बात कही।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम ने संगठन में नई ऊर्जा और जोश का संचार किया।









