नई दिल्ली/रांची। आतंकी संगठन आईएसआईएस के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने देशभर में बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली से लेकर रांची तक चलाए गए इस अभियान में 12 जगहों पर छापेमारी हुई, जिसमें आठ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है।
रांची के इस्लामनगर इलाके से स्पेशल सेल ने झारखंड एटीएस और रांची पुलिस की मदद से वांछित आतंकी अजहर दानिश को दबोचा। उसके खिलाफ दिल्ली में मामला दर्ज था और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
सूत्रों के मुताबिक, इसी अभियान के दौरान दिल्ली से एक और आतंकी आफताब को भी गिरफ्तार किया गया है, जो मुंबई का रहने वाला है। दोनों समेत कई संदिग्धों से लगातार पूछताछ जारी है।
बड़े हमले की साजिश नाकाम
जांच एजेंसियों को शक है कि पकड़े गए आरोपी देश में बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे थे। छापेमारी अब भी कई जगहों पर चल रही है और एजेंसियां अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही हैं।









