नेपाल के बाद अब एक और देश में Gen-Z का उग्र प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। प्रदर्शन की वजह से हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने देश छोड़ दिया है। राजोइलिना ने कहा कि सैन्य विद्रोह के बाद उनकी जान को खतरा था और इसलिए वह देश छोड़कर भाग गए है। मेडागास्कर के राष्ट्रपति ने देश छोड़ने के बाद किसी अज्ञात स्थान से राष्ट्रीय टेलीविजन पर देशवासियों को संबोधित किया है।
देश में अराजकता भरे माहौल में राजोइलिना ने कहा कि हिंद महासागर के इस द्वीप की सत्ता हथियाने का अवैध प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रपति ने देर रात अपने भाषण में कहा, ‘‘मुझे अपने जीवन की रक्षा के लिए सुरक्षित स्थान खोजने पर मजबूर होना पड़ा।’’ सैन्य इकाई ‘कैपसैट’ के तख्तापलट के प्रयासों और राजधानी अंतानानारिवो के एक मुख्य चौक पर हजारों प्रदर्शनकारियों के साथ रैली में शामिल होने के बाद राजोइलिना की यह पहली सार्वजनिक टिप्पणी थी।
राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने की बात नहीं कही है। देश में बीते कई दिनों से सरकार के विरोध में Gen-Z का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के दौरान हालात उस वक्त और गंभीर हो गए थे जब शनिवार को सेना का एक दल भी इसमें शामिल हो गया था। प्रदर्शन के दौरान सेना से जुड़े लोगों ने भी राष्ट्रपति और मंत्रियों से पद छोड़ने की मांग कर दी है।









