Home चर्चा में विदेशी परिंदों का आश्रय स्थल बन रहा है छत्तीसगढ़

विदेशी परिंदों का आश्रय स्थल बन रहा है छत्तीसगढ़

13
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

बर्ड वॉक, जैव विविधता संरक्षण का प्रमुख केंद्र है गिधवा परसदा 
 वन मंत्री केदार कश्यप की पहल से संवर रही प्रकृति 

जगदलपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा किए जा रहे सार्थक प्रयासों के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ वन्य प्राणियों, जल जीवों, उभयचर जीवों और पक्षियों का गढ़ बनता जा रहा है। खास बात यह कि विदेशी परिंदों को भी छत्तीसगढ़ की धरती और आबो हवा खूब भाने लगी है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में कई देशों के विभिन्न प्रजातियों के पक्षी यहां आश्रय ढूंढने पहुंचने लगे हैं। साल 2023 में किए गए जैव विविधता सर्वेक्षण के अनुसार यहां 104 मछलियों, 19 उभयचरों और 243 पक्षियों की प्रजातियों की छत्तीसगढ़ में मौजूदगी दर्ज की गईं। अक्टूबर से मार्च के बीच भारत, रूस, मंगोलिया, बर्मा, बांग्लादेश सहित कई देशों से हजारों प्रवासी पक्षी यहां आते हैं। इसी कारण गिधवा- परसदा परिसर छत्तीसगढ़ का एक लोकप्रिय बर्ड-वॉक और प्रकृति अध्ययन केंद्र बन गया है।
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में स्थित गिधवा परसदा आर्द्रभूमि परिसर राज्य का सबसे समृद्ध और सक्रिय पक्षी आवास क्षेत्र माना जाता है। गिधवा, गिधवा-2, परसदा, कूर्मू तथा एसएसएमटी जैसे जलाशयों से मिलकर बना यह परिसर स्थानीय और प्रवासी पक्षियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बेहतर प्रबंधन और अनुकूल प्राकृतिक वातावरण के कारण यह स्थल राज्य का प्रमुख पारिस्थितिकी केंद्र बन चुका है।

इको-पर्यटन और शिक्षा का केंद्र
वन मंत्री केदार कश्यप की पहल पर गिधवा-परसदा न केवल जैव विविधता का आश्रय स्थल बना है, बल्कि जन जागरूकता, प्रशिक्षण और प्रकृति आधारित पर्यटन का उत्कृष्ट केंद्र भी बन रहा है। यहां आयोजित राज्य स्तरीय बर्ड फेस्टीवल, जन सहभागिता कार्यक्रमों और संरक्षण-उन्मुख गतिविधियों ने इसे एक प्रमुख प्रकृतिक शिक्षा केंद्र का रूप दिया है। इन आयोजनों में स्थानीय समुदाय, विद्यार्थी, प्रकृति प्रेमी और विशेषज्ञ सक्रिय रूप से शामिल होते हैं, जिससे न केवल जागरूकता बढ़ी है बल्कि स्थानीय आर्थिक अवसर भी विकसित हुए हैं।

फॉरेस्ट ट्रेल्स: प्रकृति शिक्षा स्थल
गिधवा-परसदा परिसर की सबसे महत्वपूर्ण विशेषताओं में से एक है यहां नियमित रूप से आयोजित बर्ड वॉक, फॉरेस्ट ट्रेल और नेचर ट्रेल जैसी गतिविधियां। इन ट्रेल्स में विद्यार्थियों और आगंतुकों को पक्षियों, पौधों और अन्य प्रजातियों की पहचान सिखाई जाती है। वन विभाग के प्रशिक्षित गाइड्स द्वारा पारिस्थितिकी, वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन के बारे में सरल और वैज्ञानिक जानकारी दी जाती है।

एक सफल संरक्षण मॉडल
सुदृढ़ प्रबंधन, स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी तथा निरंतर प्रशिक्षण आधारित गतिविधियों ने गिधवा- परसदा को जैव विविधता संरक्षण और इको पर्यटन का सफल मॉडल बना दिया है। यह परिसर आज न केवल छत्तीसगढ़ का सर्वाेत्तम बर्ड वॉक स्थल है बल्कि वैज्ञानिक महत्व, सामुदायिक सहभागिता और प्रकृति संरक्षण के उत्कृष्ट समन्वय का उदाहरण भी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here