रघुराज/रायपुर। पुलिस आयुक्त रायपुर नगरीय श्री संजीव शुक्ला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री अमित तुकाराम कामले के मार्गदर्शन में रायपुर पुलिस द्वारा ऑनलाइन सट्टा खेलने एवं खिलाने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त राजेन्द्र नगर श्री नवनीत पाटिल के निर्देशन में थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना न्यू राजेन्द्र नगर में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 41/2026 के अनुसार, दिनांक 29 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मिलेनियम कैफे, महावीर नगर चौक के पास एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है एवं अन्य लोगों को भी सट्टा खिला रहा है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोष वाधवानी, पिता मनोहर लाल वाधवानी, उम्र 35 वर्ष, निवासी मकान नंबर 415, सेक्टर-10, आरडीए बिल्डिंग ब्लॉक-ए, कमल विहार, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एप्पल कंपनी का iPhone 15 (सफेद रंग) बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग ₹30,000 बताई गई है। जांच में पाया गया कि आरोपी उक्त मोबाइल के माध्यम से “नसीब डॉट कॉम” वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहा था एवं अन्य लोगों को भी सट्टा खिला रहा था। मोबाइल को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।
आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के अंतर्गत दंडनीय पाए जाने पर उसके विरुद्ध विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







