डुगेश्वर संजू साहू/भवानीपुर (पलारी)। नगर पंचायत पलारी में साहू समाज की आराध्य देवी भक्त माता कर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के महिला, पुरुष एवं युवाओं ने भाग लिया। कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवी बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कसडोल विधायक संदीप साहू ने कहा कि माता कर्मा समाज की आस्था और संस्कृति की प्रतीक हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को शिक्षा, एकता और विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।

नगर पंचायत पलारी अध्यक्ष गोपी साहू ने कहा कि माता कर्मा जयंती केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने और अपनी परंपराओं को सहेजने का अवसर है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता और भाईचारा मजबूत होता है।
तहसील साहू संघ अध्यक्ष जगदीश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि माता कर्मा की शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समाज के युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी समाजजनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तहसील साहू संघ संरक्षक रोहित साहू, परिक्षेत्र अध्यक्ष उमाशंकर साहू, गनपत साहू, डोमन साहू, तहसील साहू संघ उपाध्यक्ष प्रीतम साहू, गीतादेवी साहू, कुंती साहू, नगर पंचायत पलारी उपाध्यक्ष पिंटू वर्मा, बृजमोहन साहू, मुंशी साहू, कौशिल्या साहू, पोषण साहू, जीरा बाई साहू, श्यामसुंदर साहू, ईश्वर साहू, अमन साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया।







