इंतजार खत्म हुआ। बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का पीएम नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को उद्घाटन कर दिया। इसी के साथ दोनों शहरों के बीच 6 घंटे का सफर अब सिर्फ ढाई घंटे का रह गया है। इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लोगों को दिल्ली से देहरादून आने-जाने में काफी सहूलियत होगी। इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट का बहुत बड़ी हिस्सा यूपी से गुजरता है
पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग भविष्य बताने वाले होते हैं, वे हथेली की रेखाओं को पढ़कर किसी व्यक्ति का भविष्य बताते हैं। लेकिन अगर मैं इस बात को, इस संदर्भ को देश के जीवन से जोड़ूं, तो देश की भाग्य-रेखा क्या है? ये हैं हमारी सड़कें, हमारे राजमार्ग, हमारे एक्सप्रेसवे, हमारे हवाई मार्ग, हमारे रेल मार्ग और हमारे जल मार्ग। यही हमारे देश की भाग्य-रेखाएं हैं, और पिछले एक दशक से, हमारा देश एक विकसित भारत बनाने के लिए विकास की ऐसी ही भाग्य-रेखाएं गढ़ने में जुटा हुआ है।
पीएम ने कहा कि 12000 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट में हजारों श्रमिकों को काम मिला। इंजीनियर और अन्य लोगों को भी रोजगार मिला। इससे उत्तराखंड के पर्यटन को काफी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के तमाम पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए यह एक्सप्रेसवे मुख्य मार्ग के तौर पर इस्तेमाल में आएगा।







