आरंग संवाददाता – सोमन साहू
सक्ती, छत्तीसगढ़
सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट (सिंघीतराई) में हुए दर्दनाक हादसे को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री माननीय गुरु खुशवंत साहेब लगातार उच्च अधिकारियों एवं जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद एवं चिंताजनक बताते हुए तत्काल प्रभाव से राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार बॉयलर की फटने से यह दुर्घटना हुई है जिसमें करीब 40 मजदूर घायल है जिसमें से कई मजदूरी की दर्दनाक मौत की बात सामने आई है…
माननीय मंत्री जी ने इस हादसे में मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए बाबा जी से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की है। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में शासन उनके साथ खड़ा है।
मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च स्तरीय अस्पतालों में रेफर किया जाए तथा उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर इलाज, दवाइयों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हर संभव सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
माननीय मंत्री जी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण हो सकती है, लेकिन यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही, नियमों की अनदेखी या सुरक्षा मानकों में कमी पाई जाती है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं और दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने प्रशासन एवं प्लांट प्रबंधन को निर्देशित किया है कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
माननीय मंत्री जी ने यह भी कहा कि राज्य शासन पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।








