महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
कोमाखान (महासमुंद): महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने टेमरी नाका के पास घेराबंदी कर एक अशोक लीलेंड ट्रक से 47.3 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की कीमत करीब 23 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ओड़िशा की ओर से एक सफेद रंग की अशोक लीलेंड ट्रक (क्रमांक CG 04 QS 4806) में भारी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए टेमरी नाका पर नाकेबंदी कर दी।
ट्रक के केबिन में छिपा रखी थी खेप
संदिग्ध ट्रक के आते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। ट्रक के केबिन के अंदर तीन सफेद प्लास्टिक बोरियों में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ ट्रक और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 53 लाख 76 हजार रुपये बताई जा रही है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिगों के अलावा टिटलागढ़ (ओड़िशा) निवासी दो युवक शामिल हैं:
* मोहम्मद मिराज (25 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 13, टिटलागढ़।
* रोहित पोंड (21 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 07, टिटलागढ़।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी यह गांजा रामपुर (ओड़िशा) से लेकर सरगांव (मुंगेली, छत्तीसगढ़) निवासी दीपक साहू के पास पहुँचाने जा रहे थे।
कठोर धाराओं के तहत कार्रवाई
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मास्टरमाइंड दीपक साहू की तलाश में जुट गई है।








