गर्मियों के मौसम में ज्यादातर लोग खीरे का रायता या फिर बूंदी का रायता बनाकर खाते हैं। लेकिन अगर आप भी खीरे का रायता या फिर बूंदी का रायता खाते-खाते बोर हो गए हैं, तो आप इस रेसिपी को ट्राई करके देख सकते हैं। आज हम आपको पपीते के रायते की रेसिपी के बारे में बताएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पपीते का रायता बनाने के लिए आपको 1/2 किलो कच्चा पपीता, 250 ग्राम दही, 2 हरी मिर्च, 2 चम्मच जीरा, 2 लाल मिर्च, स्वाद अनुसार नमक और थोड़ी सी फ्रेश धनिया पत्ती की जरूरत पड़ेगी।
पहला स्टेप- कच्चे पपीते को छील लीजिए। इसके बाद छिले हुए कच्चे पपीते को धोकर कद्दूकस कर लीजिए।
दूसरा स्टेप- एक पैन में आधा गिलास पानी निकाल लीजिए। अब इस पैन में कद्दूकस किए हुए पपीते को एड कर लगभग 10 मिनट तक बॉइल कीजिए।
तीसरा स्टेप- अब आपको कच्चे पपीते को छन्नी से छान लेना है जिससे सारा पानी अलग हो जाए। इसके बाद कढ़ाई गर्म कर इसमें जीरा और लाल मिर्च एड कर रोस्ट कर लीजिए।
चौथा स्टेप- रोस्टेड जीरे और लाल मिर्च को सिलबट्टे पर पीस लीजिए। अगर सिलबट्टा नहीं है, तो आप ग्राइंडर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
पांचवां स्टेप- इसके बाद एक कटोरे में दही, नमक, जीरा पाउडर, मिर्च पाउडर निकालकर सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।
छठा स्टेप- इस कटोरे में कद्दूकस किए हुए पपीते को भी मिला लीजिए। इसके बाद हरी मिर्च और हरे धनिए को भी काटकर मिक्स कर लीजिए।
सातवां स्टेप- आप रोटी या फिर चावल के साथ पपीते के रायते को सर्व कर सकते हैं। महज 10 मिनट के अंदर पपीते का रायता सर्व करने के लिए तैयार है।
अब आप गर्मियों के मौसम में ठंडे-ठंडे पपीते के रायते का लुत्फ उठा सकते हैं। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पपीते के रायते का टेस्ट काफी ज्यादा पसंद आएगा। सबसे अच्छी बात ये है कि पपीते के रायते में मौजूद तमाम पोषक तत्व सेहत पर भी ढेर सारे पॉजिटिव असर डाल सकते हैं।








