भारतीय जनता पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली। इस पद पर पहुंचने वाले वह बीजेपी के पहले नेता हैं। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई। कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बीजेपी के 5 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु और निशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। बीजेपी ने मंत्रियों के चुनाव में सामाजिक समीकरणों का बखूबी ध्यान रखा और शुभेंदु की कैबिनेट में अलग-अलग समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया है। बता दें कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि 15 वर्षों से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा था।








