Home चर्चा में सेंट्रल बैंक लखनपुर से आम महिला समूह के नाम पर 6 लाख...

सेंट्रल बैंक लखनपुर से आम महिला समूह के नाम पर 6 लाख का लोन, महिला फरार; सदस्य परेशान।

5
0

सरगुजा संवाददाता – विकास अग्रवाल

लखनपुर।
विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोसगां में संचालित “आम महिला समूह” से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। समूह की 10 महिला सदस्यों के नाम पर कथित रूप से बिना जानकारी और सहमति के करीब 6 लाख रुपये का लोन निकाल लिया गया। अब महिलाओं के खातों से ब्याज की राशि कटने लगी है, जिससे वे परेशान होकर बैंक के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2015 से संचालित “आम महिला समूह” में गांव की 10 महिलाएं सदस्य हैं। समूह की महिलाओं का आरोप है कि गांव की एक सक्रिय महिला “अंबानी” ने समूह की अध्यक्ष सुरजो बाई को साथ लेकर सेंट्रल बैंक से दो-तीन किस्तों में लगभग 6 लाख रुपये की राशि निकलवा ली। महिलाओं का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी अन्य सदस्यों को नहीं दी गई और उनके फर्जी हस्ताक्षर कर प्रस्ताव तैयार कर लोन स्वीकृत कराया गया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब समूह की महिलाओं के खातों से लोन की ब्याज राशि कटने लगी। इसके बाद समूह की सचिव एवं अन्य महिलाएं सेंट्रल बैंक पहुंचीं, जहां उन्हें पता चला कि उनके समूह के नाम पर लाखों रुपये का ऋण लिया गया है। महिलाओं के अनुसार अब तक उनके खातों से 40 से 50 हजार रुपये तक ब्याज के रूप में काटे जा चुके हैं।

समूह की सचिव कुलीवाई सदस्य पवित्री ने बताया कि समूह में शामिल किसी भी महिला को लोन लेने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष और गांव की सक्रिय महिला ने मिलकर बिना सहमति के राशि निकाली और पूरे मामले को गुप्त रखा।
महिलाओं ने बताया कि शिकायत के बाद संबंधित महिला ने बैंक में लिखित रूप से 6 माह के भीतर पूरी राशि जमा करने का आश्वासन दिया था। इस संबंध में सहमति पत्र पर हस्ताक्षर भी किए गए थे, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी राशि जमा नहीं की गई।

इधर, समूह की महिलाएं लगातार बैंक प्रबंधन से कार्रवाई की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। महिलाओं का कहना है कि बैंक प्रबंधन का स्पष्ट कहना है कि लोन समूह के नाम पर स्वीकृत हुआ है, इसलिए भुगतान की जिम्मेदारी भी समूह की ही होगी और ब्याज की कटौती जारी रहेगी।
इस संबंध में सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक आलोक बेग ने बताया कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है। बैंक स्टाफ से जानकारी लेने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि कुल कितनी राशि निकाली गई और महिलाओं के खातों से कितना ब्याज काटा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here