संवाददाता – गेंदलाल साहू
चंपारण। भारतीय जनता पार्टी रायपुर ग्रामीण जिला द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत चंपारण में भव्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशिक्षण शिविर में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री माननीय श्री अजय जामवाल, छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री माननीय श्री गुरु खुशवंत साहेब, भाजपा रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष माननीय श्री श्याम नारंग तथा जिला संगठन प्रभारी माननीय श्री सुरेन्द्र पाटनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति एवं भाजपा के मूल विचार “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांत पर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान भाजपा की सतत विकास यात्रा को प्रदर्शित करती विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद कार्यकर्ताओं में जनसेवा का भाव और अधिक मजबूत होने की बात कही गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दक्षता, जनसंपर्क, सेवा कार्य एवं राष्ट्रहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह एवं संगठनात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।








