शंकरगढ़ संवाददाता – नीरज अग्रवाल
शंकरगढ़ जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खैराडीह से धसनी कोरवापारा तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनने वाली सड़क पिछले दो वर्षों प्रारंभ नहीं हुई थी। सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है, वहीं मरीजों, स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को रोजाना समस्या झेलनी पड़ती थी। इस गंभीर समस्या को लेकर पत्रिका द्वारा लगातार खबर प्रकाशित कर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया गया था।
मामले को संज्ञान में लेते हुए सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज स्वयं खैराडीह से धसनी कोरवापारा तक निर्माणाधीन सड़क का जायजा लेने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबे समय से कार्य लंबित रहने पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनता को समय पर सुविधाएं मिलना जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर मामला सामने आया, जहां निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड में दर्शित कार्य पूर्णता दिनांक को मिटाने का प्रयास किया गया था। इस पर सांसद चिंतामणि महाराज ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों से पूछा कि आखिर जानकारी छिपाने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं में पारदर्शिता आवश्यक है और जनता को सही जानकारी मिलनी चाहिए। उन्होंने मनमाने ढंग से कार्य करने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को कड़ी चेतावनी भी दी।

ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि सड़क निर्माण में लगातार देरी होने से उन्हें आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्य में गति नहीं आई थी। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
इस दौरान गौ सेवा आयोग के जिला अध्यक्ष आशीष केसरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश पैकरा, खैराडीह सरपंच सुशीता तिर्की, तहसीलदार दानिश परवेज,सचिव असलम अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
निरीक्षण के बाद सांसद चिंतामणि महाराज ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत ग्राम बेलकोना में निर्माणाधीन सड़क का भी निरीक्षण किया। यहां सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बनने वाली सड़कों की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए ताकि लोगों को लंबे समय तक सुविधा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि घटिया निर्माण कार्य पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








