छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त वरिष्ठ भाजपा नेता रूपनारायण सिन्हा का गुरुवार को निधन हो गया। वे बिलासपुर में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षण सत्र के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनके उपचार में जुटी रही। प्रारंभिक जानकारी में उनकी हालत गंभीर बताई गई थी।
हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर सामने आते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक भी सिम्स अस्पताल पहुंचे और शोक व्यक्त किया।
रूपनारायण सिन्हा को छत्तीसगढ़ सरकार में योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। वे लंबे समय से संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे तथा भाजपा के सक्रिय और वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती थी।
उनके निधन को भाजपा और प्रदेश की सार्वजनिक जीवन की बड़ी क्षति माना जा रहा है।








