Home चर्चा में कैंसर की समय रहते पहचान और रोकथाम के लिए जिला चिकित्सालय बिलासपुर...

कैंसर की समय रहते पहचान और रोकथाम के लिए जिला चिकित्सालय बिलासपुर में निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर 6 जून को

7
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
स्तन, गर्भाशय एवं मुख कैंसर की होगी जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से मिलेगा परामर्श
बिलासपुर, 5 जून 2026/ कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा समय पर पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय बिलासपुर में 6 जून 2026 को निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें जिले के नागरिकों को निःशुल्क जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
     शिविर में विशेष रूप से स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर एवं मुख कैंसर की स्क्रीनिंग की जाएगी। अनुभवी कैंसर विशेषज्ञों की टीम द्वारा जांच के साथ-साथ रोग के लक्षणों, जोखिम कारकों, बचाव के उपायों तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे की उपचार प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। नियमित जांच और समय पर चिकित्सकीय सलाह से न केवल बीमारी की गंभीरता को कम किया जा सकता है, बल्कि अनेक मामलों में जीवन की रक्षा भी संभव है। विशेषकर महिलाओं एवं तंबाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों के लिए ऐसी जांच अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।
     स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं और स्वयं तथा अपने परिजनों की जांच कराकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का परिचय दें। शिविर में सभी वर्गों के नागरिकों का स्वागत है और जांच पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। उल्लेखनीय है कि यह निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर बालको मेडिकल सेंटर एवं जिला स्वास्थ्य समिति, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य कैंसर की शीघ्र पहचान को बढ़ावा देना तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को सुदृढ़ करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here