Home चर्चा में बीजापुर में कुछ पेट्रोल पंप हुए ड्राई, जिला प्रशासन ने लिया संज्ञान;...

बीजापुर में कुछ पेट्रोल पंप हुए ड्राई, जिला प्रशासन ने लिया संज्ञान; ईंधन आपूर्ति सुचारू रखने के दिए निर्देश

15
0

बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना

बीजापुर। जिला मुख्यालय बीजापुर में संचालित कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक अस्थायी रूप से समाप्त होने के कारण सोमवार को ईंधन आपूर्ति प्रभावित हो गई। पेट्रोल पंपों के ड्राई होने से वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों से संपर्क किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

प्रशासन द्वारा बताया गया कि जिला मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार के दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान वाहनों की आवाजाही बढ़ने से पेट्रोल और डीजल की मांग में अचानक वृद्धि हो जाती है। मांग के मुकाबले पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन की अस्थायी कमी की स्थिति निर्मित हुई।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि ईंधन की आपूर्ति श्रृंखला में किसी प्रकार की बाधा न आए और समय पर टैंकरों के माध्यम से स्टॉक की उपलब्धता बनाए रखी जाए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी पेट्रोल पंप पर ‘पंप ड्राई’ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नियमित निगरानी की जाएगी। पेट्रोल पंप संचालकों को उपभोक्ताओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मांग के अनुरूप ईंधन का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में ईंधन आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त व्यवस्था भी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों एवं पेट्रोलियम कंपनियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने की संभावना जताई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here